
वडोदरा, 12 जनवरी 2026: वनडे सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को रोमांचक 4 विकेट से हरा दिया। कोटांबी स्टेडियम में रविवार को खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और फिर 300 रन के चुनौतीपूर्ण टारगेट को 49 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इसी के साथ 3 मैचों की सीरीज में भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली। दूसरा मैच 14 जनवरी को राजकोट में होगा।


न्यूजीलैंड ने लगाए 300, भारत की बोलिंग टाइट



न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 300 रन बनाए। उनकी ओर से डेरिल मिचेल ने 71 गेंदों पर धुंआधार 84 रन ठोके, जबकि हेनरी निकोल्स (62) और डेवोन कॉन्वे (56) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। भारत की बोलिंग में मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा ने 2-2 विकेट झटके, वहीं कुलदीप यादव को एक सफलता मिली।


कोहली का कमाल, राहुल ने लगाया विजयी छक्का
जवाब में भारत ने शानदार चेज किया। केएल राहुल ने क्रिस्टियन क्लार्क की गेंद पर छक्का जड़कर मैच खत्म किया और नाबाद 29 रन बनाए। विराट कोहली ने 93 रनों की शानदार पारी खेली, श्रेयस अय्यर (49) और कप्तान शुभमन गिल (56) ने अहम योगदान दिया। न्यूजीलैंड के काइल जैमिसन ने 4 विकेट लेकर भारत को दबाव में डाला।


दो जबरदस्त रिकॉर्ड बने
- कोहली ने संगकारा को पछाड़ा: विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। 42वें रन पर उन्होंने कुमार संगकारा (28,016 रन) को पीछे छोड़ा। अब कोहली सिर्फ सचिन तेंदुलकर (34,357 रन) से पीछे हैं।
- रोहित का छक्कों का जलवा: रोहित शर्मा (26 रन) ने वनडे में ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया। दूसरे छक्के के साथ उन्होंने क्रिस गेल के 328 छक्कों को तोड़कर 329 पर पहुंच गए। कुल मिलाकर रोहित के नाम वनडे में 357 छक्के हैं।
कोहली प्लेयर ऑफ द मैच, मां को समर्पित अवॉर्ड

विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया – यह उनका 45वां ऐसा अवॉर्ड है। सेरेमनी में कोहली ने भावुक होकर कहा, “मैं अपने सारे अवॉर्ड मां को समर्पित करता हूं। उन्हें इन पर गर्व है।” उन्होंने अपने रिकॉर्ड पर बोले, “यह सफर सपने जैसा है। मेहनत और भरोसे से यहां पहुंचा। माइलस्टोन के बारे में नहीं सोचता, लोगों की खुशी ही मेरी खुशी है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
न्यूजीलैंड: माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिच हे (विकेटकीपर), जैक फॉल्क्स, काइल जैमिसन, माइकल रे, अदित्य अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क।
भारत की यह जीत सीरीज के लिए बूस्टर साबित हो सकती है। अगला मैच राजकोट में!
