
बिहार के सहरसा जिले में एक निकाह समारोह उस समय हिंसा में बदल गया, जब भोज में कथित तौर पर तय मेन्यू के बजाय चिकन परोसे जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि शादी से पहले भोज में मटन (खस्सी) परोसने की बात तय हुई थी, लेकिन भोजन के दौरान चिकन परोस दिया गया। इसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और लात-घूंसे चले, जिसमें दूल्हा पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
- घटना सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र की है। सूचना मिलने के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ निकाह
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर के वार्ड संख्या 12 स्थित बलवापार निवासी मोहम्मद अनवर के पुत्र मोहम्मद अब्दुल्ला उर्फ चांद का निकाह महिषी प्रखंड के राजनपुर निवासी मोहम्मद जाविद उर्फ मोटो की पुत्री के साथ तय हुआ था।
- शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे दोनों परिवारों की मौजूदगी में निकाह की रस्में शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुईं। निकाह के बाद बारातियों और मेहमानों के लिए भोज का आयोजन किया गया। लेकिन भोजन शुरू होते ही माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
‘खस्सी’ की जगह चिकन परोसने का आरोप
दूल्हा पक्ष का आरोप है कि विवाह से पहले दोनों परिवारों के बीच यह तय हुआ था कि बारातियों को भोज में मटन यानी खस्सी परोसी जाएगी। लेकिन जब भोजन परोसा गया तो उसमें चिकन दिया गया।
- इसी बात को लेकर पहले बारातियों और लड़की पक्ष के लोगों के बीच बहस शुरू हुई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

देखते ही देखते मारपीट में बदल गया विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। लात-घूंसे चलने के साथ-साथ लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया गया। अचानक हुए इस बवाल से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और महिलाएं व बच्चे सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
- मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया।
दूल्हा पक्ष के कई लोग घायल
मारपीट में दूल्हा पक्ष के कई लोग घायल हो गए। घायलों में मोहम्मद आशिक, मोहम्मद इरफान, मोहम्मद हसन, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद जब्बार, मोहम्मद आतिफ और मोहम्मद महबूब समेत अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर पहुंचाया गया।
- डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है। फिलहाल किसी की हालत गंभीर होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दूल्हे के चाचा ने लगाए गंभीर आरोप
घायल मोहम्मद इरफान, जो दूल्हे के चाचा बताए जा रहे हैं, ने आरोप लगाया कि भोजन को लेकर विवाद होने के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने अचानक हमला कर दिया।
- उनका कहना है कि बिना किसी उकसावे के उनके परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस में शिकायत की तैयारी
- घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। दूल्हा पक्ष ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कही है।
समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। वहीं पुलिस की ओर से भी इस मामले पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
- माना जा रहा है कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर पूरे मामले की जांच करेगी और उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
शादी और निकाह जैसे खुशी के मौके पर भोजन को लेकर हुआ यह विवाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली कहासुनी अगर समय रहते शांत करा दी जाती, तो मामला हिंसा तक नहीं पहुंचता।
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस जांच के बाद इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और दोनों पक्षों के बीच उत्पन्न विवाद का समाधान किस तरह निकाला जाता है।
