राजधानी पटना में गुरुवार की रात अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में शामिल सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित मुसल्लेपुर हाट सब्जी मंडी उस समय गोलियों की आवाज से दहल उठी, जब अज्ञात बदमाशों ने एक मसाला कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
- मृतक की पहचान टिकियाटोली निवासी नेपाली साव के 35 वर्षीय पुत्र पिंटू साव के रूप में हुई है। पिंटू साव मुसल्लेपुर हाट में मसालों का कारोबार करते थे और इलाके में उनकी अच्छी पहचान बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात इलाके में ब्लैक आउट की स्थिति थी और बिजली कटने के कारण चारों ओर अंधेरा पसरा हुआ था। इसी अंधेरे का फायदा उठाते हुए बाइक सवार अपराधी मुसल्लेपुर हाट पहुंचे। बताया जा रहा है कि पिंटू साव अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
- प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोलियों की आवाज सुनते ही बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। अपराधियों ने बेहद करीब से पिंटू साव पर कई राउंड फायरिंग की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर दुकान के पास ही गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और परिजन घायल कारोबारी को इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल यानी पीएमसीएच लेकर पहुंचे। लेकिन ज्यादा खून बह जाने और गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

- हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय व्यापारियों और लोगों में डर और आक्रोश दोनों देखने को मिला। लोगों का कहना है कि शहर के व्यस्त इलाके में इस तरह खुलेआम हत्या होना कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पुलिस आपसी रंजिश, कारोबार से जुड़े विवाद और रंगदारी जैसे पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस सनसनीखेज हत्या ने एक बार फिर पटना में बढ़ते अपराध और अपराधियों के बेखौफ होने की तस्वीर सामने ला दी है। खास बात यह है कि अपराधियों ने ब्लैक आउट और अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।