
बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री और जदयू नेता अशोक चौधरी ने गुरुवार को विभिन्न राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के सिर्फ हंगामा खड़ा करना लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने नीट पेपर लीक मामले को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाने की मांग की।
- मंत्री अशोक चौधरी ने सीमावर्ती इलाकों में अवैध ढांचों को हटाने के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के फैसले का समर्थन किया, वहीं मानव तस्करी, धार्मिक संवेदनशीलता और युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धियों पर भी विस्तार से अपनी बात रखी।
SIR और चुनाव आयोग के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
अशोक चौधरी ने कहा कि विपक्ष चुनाव आयोग को लेकर लगातार बेवजह का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के बीच यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि चुनाव आयोग किसी राजनीतिक दल के इशारे पर काम कर रहा है, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है।
- उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। यदि विपक्ष के पास कोई तथ्य या आंकड़े हैं तो उन्हें सार्वजनिक करना चाहिए, सिर्फ बयानबाजी और हाय-तौबा मचाने से राजनीति नहीं चलती।
- इसी दौरान उन्होंने इंडी गठबंधन द्वारा आगामी चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ने के फैसले पर भी तंज कसा। अशोक चौधरी ने कहा कि यह एनडीए के लिए अच्छी खबर है और इससे गठबंधन को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष की रणनीति का फायदा अंततः एनडीए को ही होगा।
अवैध ढांचों पर अमित शाह के फैसले का समर्थन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सीमावर्ती इलाकों में अवैध निर्माण हटाने को लेकर दिए गए बयान पर भी अशोक चौधरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बिहार समेत कई सीमावर्ती इलाकों में खुले बॉर्डर का फायदा उठाकर दूसरे देशों से लोग अवैध तरीके से प्रवेश कर जाते हैं और अस्थायी ढांचे बनाकर रहने लगते हैं।
- उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है। मंत्री ने गृह मंत्री के फैसले को देशहित में बताया और कहा कि सीमा क्षेत्रों में किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
मानव तस्करी पर तेजस्वी यादव को दी सलाह
- मानव तस्करी को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयानों पर पलटवार करते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि विपक्ष को सिर्फ आरोप लगाने की राजनीति नहीं करनी चाहिए।
- उन्होंने कहा कि यदि तेजस्वी यादव के पास किसी क्षेत्र में मानव तस्करी की ठोस जानकारी है तो उन्हें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी या डीजीपी को लिखित जानकारी देनी चाहिए ताकि कार्रवाई हो सके।
- अशोक चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार और केंद्र सरकार मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध को लेकर पूरी तरह संवेदनशील और गंभीर हैं। उन्होंने दावा किया कि इस तरह के अपराधों पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
नीट पेपर लीक को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
देशभर में चर्चा में रहे नीट पेपर लीक मामले पर भी मंत्री अशोक चौधरी ने चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं और ऐसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
- उन्होंने कहा कि लाखों छात्र दिन-रात मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत और भरोसे दोनों को नुकसान पहुंचाती हैं।
- मंत्री ने कहा कि कानून का डर होने के बावजूद कुछ लोग सिस्टम में सेंध लगाने की कोशिश करते हैं। इसलिए परीक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुरक्षित बनाने की जरूरत है ताकि होनहार छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
धार्मिक भावनाओं के सम्मान पर दिया संतुलित बयान
- मद्रास हाई कोर्ट द्वारा बकरीद के दौरान गाय की बलि पर रोक संबंधी फैसले और धार्मिक भावनाओं के सम्मान के सवाल पर भी अशोक चौधरी ने संतुलित प्रतिक्रिया दी।
- उन्होंने कहा कि हर धर्म और समुदाय की आस्थाओं का सम्मान होना चाहिए। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वे स्वयं बौद्ध धर्म से नहीं हैं, लेकिन जब भी बोधगया जाते हैं तो वहां की धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों का पूरी श्रद्धा से पालन करते हैं।
- उन्होंने कहा कि समाज में सौहार्द बनाए रखने के लिए जरूरी है कि सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं को समझें और सम्मान दें।
सुबेंदु अधिकारी मामले पर जांच के बाद टिप्पणी की बात
- पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी से जुड़े विवादों पर पूछे गए सवाल पर अशोक चौधरी ने कहा कि मामले की पूरी जांच होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना पूरी जानकारी के टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धि पर जताया गर्व
- बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धियों पर भी मंत्री ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कम उम्र में जिस तरह वैभव ने क्रिकेट में अपनी प्रतिभा दिखाई है, वह पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है।
- अशोक चौधरी ने कहा कि इतनी कम उम्र में खेल के प्रति समर्पण और परिपक्वता दिखाना असाधारण है। उन्होंने युवा खिलाड़ी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी कामना है कि वैभव आने वाले समय में विश्व क्रिकेट के बड़े रिकॉर्ड तोड़ें और बिहार का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।
राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर सरकार की सक्रियता का दावा
मीडिया से बातचीत के दौरान अशोक चौधरी ने यह भी कहा कि बिहार सरकार राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक हर मुद्दे पर गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार कानून व्यवस्था, शिक्षा, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने विपक्ष को सलाह देते हुए कहा कि लोकतंत्र में स्वस्थ आलोचना जरूरी है, लेकिन बिना तथ्य और प्रमाण के सिर्फ भ्रम फैलाना जनता के हित में नहीं है।
