
सोशल मीडिया की राजनीति में इन दिनों एक नया और बेहद अनोखा नाम तेजी से उभरकर सामने आया है. “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम से शुरू हुआ एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन अभियान देखते ही देखते युवाओं की आवाज बन गया है. इस अभियान ने सिर्फ चार दिनों के भीतर इंस्टाग्राम पर 93 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुटाकर सबको चौंका दिया है. खास बात यह है कि फॉलोअर्स के मामले में इसने भाजपा के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को भी पीछे छोड़ दिया है.
- इंस्टाग्राम पर @cockroachjantaparty नाम से चल रहे इस अकाउंट ने 20 मई तक लगभग 9.3 मिलियन यानी 93 लाख फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर लिया. वहीं Bharatiya Janata Party के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल @bjp4india के करीब 8.7 मिलियन फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं. हालांकि Indian National Congress अभी भी सोशल मीडिया पर सबसे आगे बनी हुई है, जिसके इंस्टाग्राम अकाउंट @incindia पर लगभग 13.2 मिलियन फॉलोअर्स मौजूद हैं. वहीं Aam Aadmi Party के इंस्टाग्राम हैंडल पर करीब 1.9 मिलियन फॉलोअर्स हैं.
कैसे शुरू हुआ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अभियान?
यह ऑनलाइन अभियान 16 मई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सामने आया था. बताया जा रहा है कि इसकी शुरुआत युवाओं के एक समूह ने व्यंग्य और डिजिटल विरोध के रूप में की. इसकी पृष्ठभूमि में सुप्रीम कोर्ट की एक सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत की कथित टिप्पणी को वजह माना जा रहा है. उसी के बाद सोशल मीडिया पर युवाओं ने मजाकिया लेकिन राजनीतिक संदेशों के साथ इस अभियान को आगे बढ़ाना शुरू किया.
- शुरुआत में यह सिर्फ मीम और व्यंग्य तक सीमित था, लेकिन कुछ ही घंटों में यह युवाओं के बीच वायरल हो गया. अगले दिन इंस्टाग्राम पर इसका आधिकारिक अकाउंट लॉन्च किया गया और इसके बाद इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ने लगी.
युवाओं के मुद्दों पर फोकस
कॉकरोच जनता पार्टी खुद को “युवाओं का, युवाओं के लिए और युवाओं द्वारा बनाया गया राजनीतिक मंच” बताती है. इसके अधिकांश पोस्ट बेरोजगारी, परीक्षा पेपर लीक, सरकारी नौकरियों में देरी, राजनीतिक जवाबदेही और युवा समस्याओं पर आधारित हैं.
- यही वजह रही कि बड़ी संख्या में युवा सोशल मीडिया यूजर्स इस अभियान से जुड़ते चले गए. कई पोस्ट में सिस्टम पर तंज कसते हुए रोजगार और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए. सोशल मीडिया पर यह अभियान खासकर छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ.
सिर्फ 56 पोस्ट और करोड़ों की पहुंच
इस अकाउंट की सबसे चौंकाने वाली बात इसकी ग्रोथ स्पीड रही. लॉन्च के सिर्फ 78 घंटे के भीतर इसके 30 लाख फॉलोअर्स हो गए थे. इसके बाद यह आंकड़ा तेजी से बढ़ता गया और चार दिनों के भीतर 90 लाख के पार पहुंच गया.
- दिलचस्प बात यह भी है कि अकाउंट पर अब तक केवल 56 पोस्ट ही शेयर किए गए हैं. इसके बावजूद इसने कई पुराने और स्थापित राजनीतिक संगठनों की सोशल मीडिया मौजूदगी को चुनौती दे दी है. तुलना करें तो भाजपा के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर अब तक 18 हजार से ज्यादा पोस्ट शेयर किए जा चुके हैं.
BJP पर तंज और वायरल पोस्ट
भाजपा को इंस्टाग्राम फॉलोअर्स में पीछे छोड़ने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने कई व्यंग्यात्मक पोस्ट भी साझा किए. एक पोस्ट में लिखा गया, “युवाओं की ताकत को कम मत आंकिए.” वहीं दूसरे पोस्ट में “World Largest Party they said” लिखकर भाजपा की संगठनात्मक ताकत पर कटाक्ष किया गया.
- इन पोस्टों को लाखों लाइक्स और शेयर मिले, जिससे यह अभियान और ज्यादा वायरल हो गया. इंस्टाग्राम के अलावा X प्लेटफॉर्म पर भी इस अकाउंट के करीब 1.65 लाख फॉलोअर्स हो चुके हैं.
राजनीतिक विश्लेषकों की क्या राय?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह ट्रेंड सिर्फ एक सोशल मीडिया मजाक नहीं है, बल्कि युवाओं के भीतर बढ़ती नाराजगी और डिजिटल राजनीतिक अभिव्यक्ति का संकेत भी हो सकता है. बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और सरकारी नौकरियों में देरी जैसे मुद्दे लंबे समय से युवाओं के बीच चर्चा का विषय रहे हैं.
- विशेषज्ञों के मुताबिक, सोशल मीडिया अब सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह राजनीतिक असंतोष और जनभावनाओं को व्यक्त करने का बड़ा प्लेटफॉर्म बन चुका है. कॉकरोच जनता पार्टी की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता इसी बदलाव की ओर इशारा करती है.
क्या यह सिर्फ ट्रेंड है या नई डिजिटल राजनीति?
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कॉकरोच जनता पार्टी भविष्य में किसी वास्तविक राजनीतिक संगठन का रूप लेगी या यह केवल एक व्यंग्यात्मक डिजिटल आंदोलन बनकर रह जाएगी. लेकिन इतना जरूर है कि इसने सोशल मीडिया की राजनीतिक ताकत और युवाओं की ऑनलाइन एकजुटता को नए तरीके से सामने ला दिया है.
चार दिनों में करोड़ों लोगों तक पहुंचने वाला यह अभियान इस बात का संकेत है कि आने वाले समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म भारतीय राजनीति और जनमत निर्माण में और बड़ी भूमिका निभा सकते हैं.
