गया के वजीरगंज में जनशक्ति जनता दल की चुनावी सभा के दौरान तेज प्रताप यादव उस समय गुस्से में आ गए जब उन्होंने भीड़ में एक युवक को हरा गमछा पहने देखा। तेज प्रताप ने मंच से ही युवक पर नाराजगी जताई और कहा कि “यहां हरा गमछा नहीं, पीला गमछा चलेगा।” उन्होंने मंच पर मौजूद सिपाही को युवक के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश भी दे दिया।

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग पूरी हो चुकी है और अब दूसरे चरण का प्रचार जोरों पर है। इसी कड़ी में शुक्रवार को तेज प्रताप यादव गया के वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। अपने अंदाज में तेज प्रताप यादव ने लोगों से कहा कि “स्मार्ट सिटी नहीं, बल्कि स्मार्ट गांव बनाना है। अगर दूसरे के बहकावे में आ गए तो फिर पांच साल तक केवल बैठना पड़ेगा।
“तेज प्रताप यादव ने बिना नाम लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “हरा पार्टी वाले लोगों को बहका रहे हैं। हाल ही में एक हरा पार्टी का जयचंद आया था, जिसको हमने हटाया। पांच जयचंदों ने मिलकर हमें परिवार और पार्टी से बाहर किया, लेकिन अब हम जनता के बीच वापस आ गए हैं।
“सभा के दौरान तेज प्रताप ने कहा कि एक “हरा गमछा वाला जयचंद” सभा में घूम रहा है, जो विरोधी पार्टी से जुड़ा हुआ है। उन्होंने भीड़ से कहा, “उतारिए हरा गमछा, यह जनशक्ति जनता दल की सभा है। यहां केवल कृष्ण भगवान का पीला गमछा चलेगा।” इसके बाद उन्होंने सिपाही को आदेश देते हुए कहा, “ए सिपाही, हरा गमछा वाले को पकड़ो, यह जयचंद और बहरूपिया पार्टी का आदमी है।
“अपने भाषण में तेज प्रताप यादव ने बेरोजगारी, पलायन और किसानों की समस्याओं को भी मुद्दा बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार केवल लूटने का काम कर रही है और किसानों को उनका हक नहीं मिल रहा।
